बेंगलुरु। हॉकी इंडिया ने टोक्यो ओंलपिक खेलों 2020 की तैयारियों के अंतिम चरण पर पहुंचने के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। हॉकी इंडिया ने रियो ओलंपिक 2016 से निरंतरता और टोक्यो ओलंपिक के लिए एक नया दृष्टिकोण अपनाने के बीच 16 सदस्यों वाली संतुलित टीम की घोषणा की। टीम में आठ अनुभवी एवं दिग्गजों, जबकि आठ नए खिलाडिय़ों को शामिल किया गया है, जिन्हें ओलंपिक में पदार्पण करने का मौका मिलेगा।
खिलाडिय़ों की अंतिम सूची में रानी, सविता, दीप ग्रेस एक्का, सुशीला चानू पुखरामबम, मोनिका, निक्की प्रधान, नवजोत कौर और वंदना कटारिया जैसी आठ दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें 36 साल के अंतराल के बाद 2016 के रियो ओलंपिक खेलों में भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व करने का अनुभव है। इन आठों खिलाडिय़ों ने भारत के लिए कुल 1492 मैच खेले हैं। ऐसे में इन्हें ओलंपिक मेडल की तलाश में टीम का नेतृत्व करने का काम सौंपा जाएगा।
यह भारतीय महिला हॉकी टीम की ओलंपिक खेलों में तीसरी उपस्थिति होगी और उनका लगातार दूसरा दौरा होगा। रियो 2016 के बाद से टीम ने 2016 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, 2017 एशिया कप, 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने और इतिहास में पहली बार 2018 महिला विश्व कप के चर्टर फाइनल में जगह बनाने का शानदार अनुभव किया है।
टोक्यो ओलंपिक में पदार्पण करने वाली खिलाडिय़ों में ड्रैग-फ्लिकर गुरजीत कौर, उदिता, निशा, नेहा, नवनीत कौर, शर्मिला देवी, लालरेम्सियामी और सलीमा टेटे शामिल हैं। लालरेम्सियामी टीम में मिजोरम की पहली खिलाड़ी हैं, जबकि सलीमा टेटे ब्यूनस आयर्स में 2018 युवा ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम का हिस्सा बनी थी।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शुअर्ड मरिने जने ने टीम चयन पर कहा, इस टीम ने पिछले कुछ वर्षों में बहुत मेहनत की है और लगातार प्रगति की है। टीम में अनुभवी खिलाडिय़ों और नई प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है, जो बेहतरीन है। हम टोक्यो में दुनिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तत्पर हैं। यह एक ऐसी टीम है, जिसमें बहुत अधिक क्षमता और जोश है जिसे हम अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल करने की उम्मीद करते हैं।
-
भारतीय महिला हॉकी टीम
गोलीकीपर्स :सविता।
डिफेंडर्स : दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, उदिता।
मिडफील्डर्स : निशा, नेहा, सुशील चानू पुखरामबम, मोनिका, नवजोत कौर, सलीमा टेटे।
फॉरवार्ड्स : रानी, नवनीत कौर, लालरेम्सियामी, वंदना कटारिया, शर्मिला देवी।