निर्माता बोनी कपूर के बेटे और अभिनेता अर्जुन कपूर ने जब अपने एक्टिंग करियर की शुुरुआत की थी तो दर्शकों को लगा था कि वह बॉलीवुड में धमाका करेंगे। हालांकि, कुछेक फिल्में हिट होने के बाद अर्जुन के करियर की रफ्तार धीमी पड़ गई। संदीप और पिंकी फरार के जरिए उन्हें लंबे समय बाद एक सफल फिल्म का मुंह देखने को मिला है। हाल ही में अर्जुन ने अपनी इस फिल्म पर बात की। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा।
अर्जुन ने कहा, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर संदीप और पिंकी फरार राज कर रही है। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद लोगों ने फिल्म में बिल्कुल दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। उन्होंने कहा, अब यह फिल्म अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम हो रही है तो लोग इसे देख रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अब यह उन लोगों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है, जिन्होंने बिना देखे फिल्म को बेकार बताया था।
अर्जुन ने कहा, जब मैं अपने करियर के बुरे दौर से गुजर रहा था तो लोगों ने जमकर मेरा मजाक उड़ाया था। सबसे ज्यादा बुरा तब लगता था, जब बेफिजूल मेरे परिवार को मेरे मामलों में घसीटा जाता था। उन्होंने कहा, मेरा ही दिल जानता है कि मैंने इस स्थिति का सामना कैसे किया और कैसे अपना काम जारी रखा। अगर मैं हताश हो गया होता तो आज मुझे यह मुकाम हासिल नहीं होता।
अर्जुन ने यह भी कहा, अगर आप संदीप और पिंकी फरार का क्लाइमैक्स ध्यान से देखेंगे तो आप यही कहेंगे कि इस फिल्म के सीच्ल की पूरी गुंजाइश है, जो काफी रोमांचक हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि जब भी निर्देशक सीच्ल के लिए हरी झंडी देंगे, परिणीति और मैं इसके लिए तैयार रहेंगे। यह फिल्म मुझे वास्तव में उन जगहों पर ले गई, जहां जाने की मैंने कल्पना भी नहीं की थी।
संदीप और पिंकी फरार एक ब्लैक कॉमेडी ड्रामा है, जिसमें अर्जुन के साथ परिणीति चोपड़ा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसमें अर्जुन ने हरियाणवी पुलिस अफसर का किरदार निभाया है। यह कहानी दो ऐसे लोगों की है, जो भारत के बिल्कुल अलग-अलग परिवेश से आते हैं और दोनों एक- दूसरे से बेहद नफरत करते हैं, लेकिन दोनों की जिंदगी आपस में टकराती है। दिबाकर बनर्जी इस फिल्म के निर्देशक थे। यह 19 मार्च को दर्शकों के बीच आई थी।
अर्जुन को आने वाले दिनों में फिल्म एक विलेन रिटर्न्स में देखा जाएगा, जिसका निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं। इसमें उनके साथ जॉन अब्राहम, दिशा पटानी और तारा सुतारिया भी नजर आएंगी। इसके अलावा कॉमेडी हॉरर फिल्म भूत पुलिस में अर्जुन अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। पवन कृपलानी के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान और जैकलीन फर्नांडिज दिखाई देंगी। अर्जुन निर्देशक अजय बहल की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म में भी नजर आ सकते हैं।
