रायपुर : अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी में लागू हुआ एक व्यक्ति एक पद का फार्मूला

Raipur: Now one person one post formula implemented in Chhattisgarh Congress Committee

VM News desk Raipur :- 

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी में भी अब एक व्यक्ति एक पद का फार्मूला लागू हो गया है। इसके तहत निगम-मंडल में जगह पा चुके नेताओं को प्रदेश कांग्रेस कमेटी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। पार्टी के शीर्ष नेताओं के अनुसार इस फार्मूले से संगठन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को पद मिल सकता है। वैसे भी 15 साल बाद सत्ता में वापस आई कांग्रेस पार्टी में पदों की तुलना में दावेदारों की संख्या कई गुना ज्यादा है। यही कारण है कि अब तक सभी निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्ति पूरी नहीं हो पाई है।

लंबे अरसे के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी में शनिवार को बड़ा बदलाव हुआ। इस फेरबदल की सूची सीधे-सीधे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने जारी की। संगठन से जिन लोगों को हटाया गया है उनमें से तीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाते हैं।

इनमें संचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी के साथ काग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे गिरिश देवांगन और अटल श्रीवास्तव का नाम भी शामिल है। तीनों को निगम-मंडल में स्थान मिल चुका है।

शैलेश नितिन त्रिवेदी को पाठ्य पुस्तक निगम, गिरीश देवांगन को खनिज विकास निगम और श्रीवास्तव पर्यटन मंडल में अध्यक्ष का पद मिल चुका हैं। इसी तरह निगम-मंडल में जगह पा चुके पदमा मनहर व भानुप्रताप सिंह को भी संगठन के पद से हटा दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार हाईकमान ने यह कदम उठाकर साफ कर दिया है कि पार्टी में अब एक व्यक्ति एक ही पद में रहेगा। इससे उन लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं, जिन्हें अब तक संगठन या सरकार में स्थान प्राप्त नहीं है।

 

Leave a Comment