पहले पत्नी साथ छोड़ गई, अब वह पत्नी को छोड़ गया

अलीगढ़ : एक परिवार के साथ कुदरत ने अनोखा खेल खेला है। पहले सड़क हादसे ने उससे पत्नी को छीन लिया। अब नौ दिन पहले उसने अपना दूसरा घर बसाया तो गुरुवार को सड़क हादसे में बीवी से उसका पति छीन लिया। बाइक से बीवी को लेकर लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें पति की मौत हो गई। महिला घायल हुई है।

अलीगढ़ के मौहल्ला आाजाद नगर निवासी पचास वर्षीय इमामुद्दीन की पत्नी हसीना की छह माह पूर्व बुलंदशहर के कस्बा छतारी के निकट सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इमामुद्दीन घायल हुए थे। अब उनके स्वस्थ होने के बाद नाते-रिश्तेदारों ने उसका दूसरा घर बसाने के लिए उसका रिश्ता कासगंज के कस्बा बिलराम निवासी अंजाना से तय किया। एक दिसबंर को 10-12 लोगों के साथ बिलराम पहुंचकर इमामुद्दीन ने अंजाना से निकाह कर लिया।

निकाह के नौवें दिन गुरुवार को दोनों पति-पत्नी हंसी-खुशी बाइक द्वारा बिलराम घूमने आए थे। ससुराल घूमने के बाद दोपहर करीब तीन बजे बाइक से अलीगढ़ लौट रहे थे। गांव रतरोई मोड़ के निकट अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि हैलमेट पहनने के बावजूद इमामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। अंजाना गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को छर्रा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भेजा, जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। सूचना पर उसके घर में हाहाकार मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहली पत्नी से दो पुत्र हैं।

हादसे में घायल दूसरे युवक ने भी दम तोड़ा संसू, जवां : गांव पोहिना के निकट बुधवार रात हुए हादसे में गुरुवार को दूसरे घायल ने भी दम तोड़ दिया। बुधवार रात बुग्गी से टकराने पर बाइक सवार धर्मेंद्र की मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह उसके साथी दीपक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। दीपक अपने परिवार का इकलौता था। बता दें कि बुधवार रात पोहिना निवासी चचेरे व तयेरे भाई धर्मेंद्र पुत्र लालाराम व दीपक पुत्र चुन्नीलाल बाइक से अमरोली जा रहे थे। मछली फार्म पर सामने से आ रही बुग्गी से उनकी बाइक जा टकराई, जिसमें दोनों घायल हो गए थे। अलीगढ़ मेडिकल ले जाते समय धर्मेंद्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। निजी अस्पताल में भर्ती दीपक की भी गुरुवार तड़के 4:00 बजे मौत हो गई। दीपक तीन बड़ी बहनों के बीच अकेला भाई था। गुरुवार को दोनों मृतकों को धर्मेंद्र के भाई राकेश ने ही मुखाग्नि दी। भाजपा के जिला मंत्री सुरेश सिंह व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र उर्फ नीटू सहित कई भाजपाइयों ने गांव पहुंचकर उनके स्वजन को सांत्वना दी।

बाइक से गिरकर महिला घायल

संसू, गभाना : टोल प्लाजा के पास गुरुवार शाम बाइक से गिरकर महिला घायल हो गई। हापुड़ के सिभावली बक्सर निवासी पुनीत कुमार बाइक से मां बीना देवी के साथ अलीगढ़ अपनी ननिहाल आ रहे थे। टोल प्लाजा के पास अचानक ब्रेकर पर बाइक उछल गई। जिसमें बीना देवी गिरकर घायल हो गई। टोल प्लाजा की एंबुलेंस ने कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

बस की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल

संसू, गभाना : हाईवे कटरा मोड़ पर बरात की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। पालीमुकीमपुर के पीपली निवासी विनोद कुमार अपने साथी रवि व ओपी के साथ गुरुवार शाम बाइक से बुलंदशहर के मुनी में शादी में शामिल होने जा रहे थे। कटरा मोड़ पर सामने से बरात की बस ने टक्कर मार दी। जिसमें तीनों घायल हो गए। टोल एंबुलेंस ने कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

 

Leave a Comment