-
मामला विजयनगर ढुरेना का, पुलिस में जुर्म दर्ज
कोरबा। अमूल्य वस्तु का जब मूल्य आंक लिया जाता है तब उस पर खतरा बढ़ जाता है भले ही वह गोबर ही क्यों न हो। इसी तरह गौठानों से गोबर चोरी का अनूठा मामला सामने आया है। जहाँ ग्राम गौठान समिति ने 8 क्विंटल गोबर चोरी के घटना की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर लिया है। लेकिन गोबर चोर को गोबर के साथ कैसे पकड़ा जाए इससे पुलिस का भी माथा घूम गया है।
सरकार ने गोबर के महत्व को समझते हुए बाजार में इसकी कीमत तय कर दी है। 2 रुपए प्रति किलो की दर से बेचे जा रहे हैं और इससे बनी खाद की भी खासी कीमत मेहनत करने वालों को मिल रही है। सरकार ने यत्र-तत्र फेंकाने वाले गोबर की कीमत क्या तय कर दी तो यह चोरों के नजर लग गई है।
जिले के दीपका थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम विजय नगर ढुरेना में हैरान कर देने वाली चोरी हुई है। ग्राम गोठान समिति ढुरेना के गोठान में गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर केंचुआ खाद का निर्माण स्वसहायता समूह द्वारा किया जाता है। समूह ने इस कार्य के लिए वर्मी टांका में गोबर भरकर रखा था। 8-9 जून की दरम्यिानी रात अज्ञात चोरों ने टांका से 8 क्विंटल गोबर पार कर दिया है। जिसकी कीमत 1600 रुपए बताई जा रही है।गोठान समिति ढुरेना के अध्यक्ष खम्भहन सिंह कंवर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि अपने स्तर पर खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। गोठान में मौके पर शराब की खाली शीशी जरूर मिली है। फिलहाल प्रकरण में धारा 379 भादवि के तहत दीपका पुलिस ने जुर्म दर्ज कर गोबर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।