इंदौर। सियागंज किराना बाजार में शक्कर में लिवाली रही। खाद्य तेलों में भाव मजबूत रहे। सोयाबीन रिफाइंड ऊंचा बिका। दलहन में मिलों की मांग से तेजी दर्ज की गई। आज चना तथा मसूर महंगी होकर बिकी। दाल में खरीदी सुस्त होने से भाव नरमी लिए रहे। आज मूंग मोगर सस्ती बिकी। चावल में ग्राहकी सामान्यवत चली।
किराना बाजार
शक्कर में पूछपरख रही। शक्कर में कामकाज 3370 से 3420 रुपये की रंगत पर हुआ। शक्कर में 08 गाड़ी आवक हुई। गुड़, खोपरा बूरा में भाव बने रहे। खोपरा गोला तथा साबूदाना में मांग बढ़ी बताई गई।
तेल -तिलहन
खाद्य तेल मांग से भाव मजबूती लिए रहे। आज सोयाबीन रिफाइंड महंगा बिका। तिलहन में रिफाइनरी वालों की खरीदी से सोयाबीन के साथ सरसों ऊंचे पर बनी रही।
दाल-दलहन
स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में मांग होने से दलहनो में तेजी दर्ज की गई। आज चना तथा मसूर 25 से 50 रुपये बढ़कर बिकी। दाल में उठाव सुस्ती से मंदी बताई गई इससे भाव नीचे हुए। चावल में कामकाज सामान्य रहा।
