चंद्र ग्रहण/ दुनिया में शुक्रवार को चंद्र ग्रहण देखा जाएगा. भारत में तो यह ग्रहण आंशिक होगा लेकिन न्यूजीलैंड के लोग 800 साल बाद एक दुर्लभ चंद्र ग्रहण के साक्षी बनेंगे.
पृथ्वी की छाया से ढ़क जाएगा चंद्रमा
सहयोगी वेबसाइट WION के मुताबिक न्यूजीलैंड में 800 साल बाद पूर्ण चंद्र ग्रहण देखा जाएगा. वहां पर रात 8.20 बजे (न्यूजीलैंड के समय के अनुसार) से चंद्र ग्रहण शुरू होगा. उस समय पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ने लगेगी. रात 10 बजे तक करीब 97 फीसदी चंद्रमा पृथ्वी की छाया से ढक जाएगा.
उस दौरान, चंद्रमा की सतह थोड़ी देर के लिए लाल हो जाएगी. वेबसाइट के मुताबिक रात करीब 12 बजे चंद्र ग्रहण धीरे-धीरे खत्म होना शुरू हो जाएगा. इस तरह से ठीक पहले ग्रहण साढ़े तीन घंटे की अपनी यात्रा पूरी कर लेगा. न्यूजीलैंड के लोग करीब साढ़े तीन घंटे तक इस अद्भुत चंद्र ग्रहण के साक्षी बनेंगे.
वर्ष 1212 में दिखा था ऐसा दुर्लभ ग्रहण
ऑकलैंड में स्टारडोम ऑब्जर्वेटरी के एक खगोलशास्त्री रॉब डेविसन ने कहा कि इससे पहले वर्ष 1212 में ऐसा दुर्लभ चंद्र ग्रहणदेखा गया था. उसके 800 साल बाद अब फिर से 19 नवंबर को ऐसा दुर्लभ संयोग बन रहा है. यह अपने आप में अविश्वसनीय है.
साढ़े तीन घंटे तक दिखेगा अनोखा चंद्रमा
खगोलशास्त्री रॉब डेविसन कहते हैं कि जब पूर्ण चंद्र ग्रहण लग रहा हो, तब इतनी लंबी अवधि तक ग्रहण का दिखना सामान्य बात होती है. लेकिन इस बार पूर्ण नहीं बल्कि आंशिक ग्रहण लग रहा है. ऐसे में करीब साढ़े तीन घंटे तक आंशिक चंद्र ग्रहण दिखना अपने आप में बड़ी बात है.
बताते चलें कि भारत में यह आंशिक चंद्र ग्रहण दोपहर को 12:48 बजे से 04:17 मिनट तक रहेगा. भारत पर इस चंद्र ग्रहण का प्रभाव नहीं रहेगा. आंशिक यानी उपछाया ग्रहण होने की वजह से सूतक काल नहीं होगा. इसलिए लोगों को इस दौरान विशेष उपाय करने की जरूरत भी नहीं होगी